प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहनसिंह ने देश में आसमान छूती महँगाई को स्वीकार करते हुए कहा है कि उनकी सरकार महँगाई को रोकने के लिए प्रयासरत है और भविष्य में जो भी कदम उठाने की जरूरत पड़ेगी, उनकी सरकार हिचकेगी नहीं।
डॉ. सिंह ने बुधवार को राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए यह स्वीकारोक्ति की। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बढ़ती मुद्रास्फीति से चिंतित है, क्योंकि यह गरीबों की दुश्मन है, लेकिन यह महँगाई अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल और जिंसों के दाम बढ़ने से भी पैदा हुई है।
उन्होंने कहा कि जब हमने 2004 में सत्ता संभाली थी तब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 36 डॉलर प्रति बैरल थी, पर आज यह 100 डॉलर से ऊपर हो गई है।
|