सरकार ने मंगलवार को कहा कि देश में विभिन्न धार्मिक स्थलों पर आतंकवादी हमलों की आशंका है। लोकसभा में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल ने बताया कि सरकार को देश में विभिन्न धार्मिक स्थलों पर आतंकवादी हमलों की आशंकाओं संबंधी विश्वसनीय खुफिया सूचना प्राप्त हुई है।
उन्होंने बताया कि लोक व्यवस्था और पुलिस राज्य के विषय होने के कारण धार्मिक स्थलों या स्थानों को सुरक्षा प्रदान करने और परिसर की आंतरिक सुरक्षा बढ़ाने की जिम्मेवारी मुख्यत: संबंधित राज्य सरकारों और संघ शासित क्षेत्र प्रशासनों की है। उन्होंने कहा कि गृह मंत्रालय ऐसे धार्मिक स्थानों, जिनके संबंध में धमकी की विशिष्ट सूचना उपलब्ध होती है, संबंधिति राज्यों या संघ शासित क्षेत्रों को सुरक्षा मजबूत करने की सलाह भी जारी करता है।
विजय कुमार मल्होत्रा के एक प्रश्न के उत्तर में मंत्री ने कहा कि जब कभी राज्यों या संघ शासित क्षेत्रों द्वारा अनुरोध किया जाता है, केंद्रीय पुलिस बलों की तैनाती या संभव सीमा तक वित्तीय सहायता देकर सुरक्षा प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने के लिए केंद्र सरकार सहायता भी प्रदान करती है।
|