भाजपा और राजग के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी ने सोमवार को संसद में स्वीकार किया कि 2004 में हुए लोकसभा चुनाव में 'इंडिया शाइनिंग' का नारा देने से पार्टी को नुकसान हुआ।
आडवाणी ने लोकसभा में कहा कि इंडिया शाइनिंग का नारा देने से नुकसान हुआ। 'इंडिया राइजिंग' कहते तो वह गलती नहीं होती। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर सदन में आज शुरू हुई चर्चा में भाग लेते हुए विपक्ष के नेता ने कहा कि मैं मानता हूँ कि आज भी इंडिया राइज कर रहा है।
सरकार का कहना है कि सकल घरेलू उत्पाद की वृद्धि दर नौ प्रतिशत है, जो खुशी की बात है देश के लिए गर्व की बात है। साथ ही उन्होंने शिकायत की कि जब राजग शासन में तत्कालीन वित्तमंत्री ने आठ प्रतिशत वृद्धि दर हासिल करने का लक्ष्य रखा था तो इसी सदन में तत्कालीन विपक्ष की नेता सोनिया गाँधी ने उसे 'मुंगेरी लाल के हसीन सपने' कहकर उपहास उड़ाया था। उन्होंने कहा कि देश की तरक्की पर सभी को गर्व होना चाहिए।
|