सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रियरंजन दासमुंशी ने त्रिपुरा में सत्तारूढ़ वाम मोर्चा सरकार पर राज्य में विकास और आर्थिक उन्नति के बारे में लोगों को गलत जानकारी देकर भ्रमित करने का आरोप लगाया है।
दासमुंशी ने रविवार को कहा कि राज्य सरकार यहाँ हुई प्रगति के बारे में लोगों को गलत जानकारी दे रही है। वह यहाँ हुए विकास का सारा श्रेय खुद लेने की फिराक में है जबकि सच्चाई यह है कि इसके लिए सारी आर्थिक मदद केन्द्र की संप्रग सरकार ने दी है।
उन्होंने कहा कि त्रिपुरा में पिछले पाँच वर्षों के दौरान वाम मोर्चा के शासनकाल में गरीबी 12 गुना बढ़ी है और बेरोजगारी वृद्धि का प्रतिशत भी 22.5 फीसदी तक जा पहुँचा है।
उन्होंने राज्य सरकार को लोगों के सामने सही तस्वीर पेश करने की सलाह देते हुए कहा कि उसे बाकायदा एक रिपोर्ट जारी कर लोगों को यह बताना चाहिए कि राज्य में कितना विकास हुआ है और इसके लिए केन्द्र की पूर्ववर्ती राजग और मौजूदा संप्रग सरकार से कितनी सहायता उसे मिली है।
सूचना मंत्री ने बांग्लादेश पर आतंकवादियों को अपने यहाँ संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि पाकिस्तान और बांग्लादेश में कुछ खास ऐसे क्षेत्र हैं, जहाँ पूर्वोत्तर में सक्रिय उग्रवादियों को बाकायदा प्रशिक्षण दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि त्रिपुरा का 857 किलोमीटर सीमाई क्षेत्र बांग्लादेश से सटा होने के कारण यहाँ बड़ी तादाद में उग्रवादी गतिविधियाँ होती रहती हैं।
|