अपराध के बदलते स्वरूप से निपटने के लिए पुलिस बल को आधुनिक उपकरणों से लैस किया जाएगा तथा इसके लिए जरूरी राशि की कमी नहीं होगी।
केंद्रीय गृहमंत्री शिवराज पाटिल ने शनिवार को यहाँ दिल्ली पुलिस के 61वें स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए यह घोषणा की। इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित एवं पुलिस आयुक्त वाई.एस. डडवाल मौजूद थे।
पाटिल ने कहा कि दिल्ली पुलिस की ओर से आधुनिक उपकरणों के अलावा और कई प्रस्ताव मिले हैं जिन पर उनका मंत्रालय गंभीरता से विचार कर रहा है।
दिल्ली पुलिस की कार्यकुशला की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इस बल के 99 प्रतिशत कर्मी निष्ठा एवं तत्परता से अपनी ड्यूटी अदा करतें हैं। सिर्फ एक प्रतिशत लोगों की लापरवाही से बल की छवि पर असर पड़ता है।
उन्होंने कहा कि सरकार पुलिस बल में महिलाओं की संख्या बढ़ाए जाने के पक्ष में है और उसकी कोशिश है कि दिल्ली पुलिस में महिलाओं की हिस्सेदारी शीघ्र 10 प्रतिशत से अधिक हो, जो अभी काफी कम है।
इस अवसर पर उन्होंने 54 पुलिसकर्मियों को विभिन्न मेडल प्रदान किए।
|