बॉलीवुड की बहुचर्चित अदाकारा कैटरीना कैफ ने पुरस्कार समारोह में श्रेष्ठ अभिनेत्री के लिए नामांकित नहीं होने पर कहा कि वे अनुभव करती हैं कि जिंदगी उनके प्रति क्रूर रही है और उसने उनके साथ अन्याय किया है।
खूबसूरत अभिनेत्री ने कहा कि जिंदगी न केवल मेरे साथ क्रूर रही बल्कि उसने मेरे साथ अन्याय किया है। मैंने कई हिट फिल्में दी हैं और मेरी भूमिकाओं को काफी सराहना भी मिली है, लेकिन हर बार मुझे नामांकित नहीं किया गया। राजधानी में एक उत्पाद को लांच करने के लिए आईं कैटरीना ने अपने पुरुष मित्र सलमान खान के संबंध में पूछे गए किसी भी सवाल का जवाब देने से बचती रहीं। उन्होंने कहा कि मैं सलमान के संबंध में कोई बात नहीं करना चाहती। यह बेहद निजी मामला है।
सलमान और उनके बीच हुए झगड़े और उसके बाद सलमान के थप्पड़ मारने के संबंध में आई रिपोर्ट को बकवास बताते हुए कैटरीना ने कहा कि सब बकवास है। ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है।
|