बॉलीवुड के बेताज बादशाह और युवाओं के दिलों की धड़कन शाहरुख खान ने कहा है कि वे केवल क्रिकेट ही नहीं, बल्कि अन्य खेलों के भी दीवाने हैं और यही दीवानगी उन्हें खेल के क्षेत्र में कुछ नया करने को प्रेरित कर रही है।
शाहरुख ने यहाँ 'द मास्टर स्ट्रोक डोंट ड्रिंक एंड ड्राइव' अभियान के तहत लोगों को शराब और सिगरेट पीने से बचने का संदेश देते हुए कहा कि हर चीज की अति बुरी होती है, इसलिए हर काम को नियंत्रित तरीके से करना जरूरी हो जाता है। गौरतलब है कि शाहरुख खान मास्टर स्ट्रोक कंपनी के ब्रांड एम्बेसडर हैं।
उन्होंने पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए कहा कि वे एक अभिनेता होने के नाते फिल्मों में धूम्रपान, खूनखराबे, बलात्कार, हिंसा और अन्य नकारात्मक पहलुओं को दिखाने के पक्षधर नहीं हैं लेकिन कई बार कहानी का हिस्सा होने के कारण इन चीजों को शामिल करना पड़ता है, क्योंकि आप सिर्फ देवी-देवताओं के ऊपर ही फिल्म नहीं बना सकते हैं।
समाज में आज जो बुराइयाँ हैं अगर सिनेमा के जरिये उनसे निपटने का तरीका खोजा जाए तो इसमें बुरा क्या है।
उन्होंने कहा कि वे फिल्मों में ही नहीं, बल्कि खेलों में भी नई प्रतिभाओं को लाने के पक्ष में हैं और इसी को ध्यान में रखते हुए महिला हॉकी टीम पर केन्द्रित फिल्म 'चक दे इंडिया' में अनजाने चेहरों, 'ओम शांति ओम' में दीपिका पादुकोण को बतौर अभिनेत्री लाने पर जोर दिया गया और भविष्य में एक टैलेंट हंट के जरिये वे नई लड़कियों को फिल्मों में पेश करने की सोच रहे हैं।
किंग खान ने कहा कि इंडियन प्रीमियर लीग से जुड़ी एक क्रिकेट टीम की बोली लगाकर उन्होंने एक ऐसा प्लेटफार्म तैयार किया है जहाँ उभरती हुई प्रतिभाओं को निखरने का मौका मिल सके।
यह पूछे जाने पर कि उन्होंने हॉकी के बजाय क्रिकेट पर ही क्यों पैसा लगाया तो शाहरुख ने कहा मैं अपना पैसा और वक्त एक ऐसे खेल पर लगाना चाहता हूँ जिसके लिए लोगों में ज्यादा दीवानगी है और लोगों में इसके लिए एक जुनून है।
मैं नहीं मानता कि क्रिकेट में पैसा लगाना एक तरह से जुआ है क्योंकि जुए में लोग सिर्फ जीतने की तमन्ना रखते हैं, लेकिन खेल में हार और जीत का समान महत्व रहता है और यही असल खेल भावना है।
शाहरुख ने कहा कि अल्लाह ने उन्हें जो दौलत दी है, वह इसका इस्तेमाल विमान खरीदने, क्लब बनाने, जुआ खेलने अथवा कोई गलत काम नहीं करने के बजाय खेलों में लगा रहे हैं, क्योंकि वे खुद कॉलेज के समय से फुटबॉल और क्रिकेट के खिलाड़ी रहे हैं।
गौरतलब है कि डिएजियो और रेडिको खेतान कंपनियों ने एक संयुक्त उपक्रम डिएजियो रेडिको डिस्टिलरीज की स्थापना की है और मास्टर स्ट्रोक इसी का एक उत्पाद है। शाहरख मास्टर स्ट्रोक के ब्रांड एम्बेसडर हैं।
|