डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह के कारों के काफिले पर शनिवार को हुए हमले में 11 व्यक्ति घायल हो गए जिनमें दो की हालत गंभीर है। विस्फोटक पदार्थ से भरा एक टायर फेंककर हमला किया गया, जो एक वाहन के पास जाकर फटा।
सिखों के कोपभाजन बने डेरा प्रमुख हमले में बच गए। उन्हें जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा सुलभ है। हमले में जो वाहन आग की लपटों से घिर गया उसके कुछ ही दूरी पर उनका वाहन था।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक वीबी सिंह ने चंडीगढ़ में एक घायल के हवाले से बताया कि जहाँ से काफिला गुजर रहा था, उस राजमार्ग पर खड़े एक ट्रक से अज्ञात व्यक्तियों ने एक कार पर टायर फेंका जिसके फटने से वाहन में आग लग गई।
हमला करनाल जिले में निलोखेरी के पास किया गया। डेरा प्रमुख एक अदालत में पेश होने के बाद सिरसा में डेरा मुख्यालय लौट रहे थे। सिंह ने बताया कि हरियाणा पुलिस ने ट्रक चालक सहित दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। उन्होंने बताया कि हरियाणा से फोरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुँचे और उन्होंने साक्ष्य एकत्रित किए।
|