कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने 2009 के लोकसभा चुनावों की तैयारी के लिए अपने प्रमुख संगठनों को मुस्तैद करना शुरू कर दिया है और इसके लिए पार्टी ने नौ राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों को अपने अभियान की कसौटी बनाया है।
पार्टी के रणनीतिकारों ने गुजरात, मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, नगालैंड, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और आंध्रप्रदेश के चुनावों को अपनी सफलता के पैमाने के रूप में तय किया है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी ने चुनाव अभियान का खाका तैयार करने का जिम्मा अपने दो मजबूत राजनीतिक सिपहसालारों ऑस्कर फर्नांडीज और अहमद पटेल को सौंपा है, जबकि पार्टी महासचिव जर्नादन द्विवेदी उन्हें वैचारिक दिशा देने का काम करेंगे।
विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी उत्साहित हैं क्योंकि चुनाव में जाने वाले नौ राज्यों में से अधिकतर उसे अपनी झोली में आते दिखाई दे रहे हैं।
गुजरात, मध्यप्रदेश, राजस्थान, और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सत्ता विरोधी लहर का लाभ उठाने की पूरी कोशिश करेगी और आम चुनाव में अपनी प्रमुख प्रतिद्वंद्वी भाजपा का मनोबल भी तोड़ना चाहेगी।
|