महाराष्ट्र में ‘मराठी मानुष’ को लेकर मची भारी उथल-पुथल के बीच कांग्रेस महासचिव दिग्विजयसिंह ने दो सियासी दलों की कमान संभालने वाले ठाकरे परिवार को मुंबई में ‘बाहरी’ करार दिया है। उनका कहना है कि ‘असली मुंबईकर’ कोली समुदाय के लोग हैं।
दिग्विजय ने रविवार को शनिवार को माँझी समाज के एक सम्मेलन में शिवसेना सुप्रीमो बाल ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि असली मुंबईकर कोई और नहीं, बल्कि कोली समुदाय के लोग हैं। मुंबईकर का राग अलापने वाले ठाकरे परिवार के पुरखे तो मध्यप्रदेश के बालाघाट से आकर मुंबई में बसे थे।
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि कोली समुदाय के लोग मुंबई में तब से निवास कर रहे हैं, जब यह समुद्र तटीय महानगर मछुआरों की बस्ती भर था। उन्होंने कहा कि कोली समुदाय ही मुंबई का असली मालिक है, जो तूफानों से लड़ना जानता है। (भाषा)