भोपाल (वार्ता) , शुक्रवार, 13 नवंबर 2009( 14:09 IST )
मध्यप्रदेश में अगले माह होने जा रहे नगरीय निकायों के चुनावों में मुख्य विपक्षी दल महिलाओं को हाँसिल पचास प्रतिशत आरक्षण के कार्ड को अपने पक्ष में भुनाने की तैयारी करते हुए बड़ी संख्या में महिला उम्मीदवारों को टिकट देने की रणनीति बना रही है।
महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभा ठाकुर ने कहा कि पार्टी राज्य के निकाय चुनावों में आरक्षण के प्रतिशत के अनुरूप खासी संख्या में महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारने की व्यूह नीति तैयार कर रही है।
उन्होंने दावा करते हुए कहा कि महिला आरक्षण के प्रतिशत में वृद्धि और महिलाओं के हित चिंतन की सोच का उद्गम कांग्रेस पार्टी ही रही है। ठाकुर ने कहा कि मध्यप्रदेश में होने जा रहे यह चुनाव इस मायने में पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि पिछले लोकसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार राज्य में महिलाओं के लिए जो वायदे किए थे उन्हें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूरा नहीं किया है।
कांग्रेस की महिला इकाई की प्रदेश अध्यक्ष शोभा ओझा ने एक सवाल के जवाब में कहा कि इस जिम्मेदारी के नाते उनकी भूमिका चुनाव लड़वाने की ज्यादा बनती है, लेकिन पार्टी अगर मैदान में उतरने के लिए कहेगी तो वह पीछे नहीं हटेंगी।