पन्ना (वार्ता) , मंगलवार, 27 अक्टूबर 2009( 13:42 IST )
मध्यप्रदेश के पन्ना जिलें की धरती की विशेषता यह है कि यहाँ किसी व्यक्ति को रंक से राजा बनने में देर नहीं लगती है। ऐसी ही एक घटना में यहाँ की एक सब्जी बेचने वाली गरीब महिला के हाथ एक ऐसा हीरा लगा जिसकी कीमत 11 लाख रुपए से अधिक आँकी गई है।
जिले के नारंगी बाग की सब्जी बेचने वाली प्यारीबाई कुशवाह को कुछ माह पूर्व पन्ना शहर के पास जनकपुर उथली हीरा खदान में जेम क्वालिटी का 11 कैरेट 40 सेंट वजन का एक बेशकीमती हीरा मिला था। प्यारीबाई ने इस हीरे को नियमानुसार पन्ना के हीरा कार्यालय में जमा करा दिया था।
हीरा कार्यालय द्वारा उथली खदान से प्राप्त हीरों की वर्ष में तीन बार नीलामी की जाती है। इसके तहत गत 23 अक्टूबर को हुई नीलामी में 246 कैरेट के कुल 299 हीरे रखे गए थे, जिसमें 11 कैरेट 40 सेट वजन वाला प्यारीबाई का हीरा भी शामिल था। प्यारीबाई को मिला हीरा 11 लाख 40 हजार रूपए में बिका। रायल्टी और इन्कम टैक्स कटौती के बाद महिला को नौ लाख 86 हजार रुपए की राशि मिली।
नीलामी में 11 लाख रुपए अधिक राशि में हीरा बिकने से प्रसन्न प्यारीबाई अपने खुशी का इजहार करते हुए कहा कि भगवान ने उसकी सुन ली है। अब वह इस राशि से अपने कच्चें मकान को पक्का बनाएगी तथा बच्चों को अच्छे स्कूल में पढ़ाकर बड़ा अधिकारी बनाएगी। उसने बताया कि उसके दो पुत्र और एक पुत्री को अब गली-गली में घूम कर सब्जी बेचने को मजबूर नहीं होना पड़ेगा।
प्यारी के पति परमलाल ने कहा कि वह हाथ ठेला चलाता है और समय निकालकर पत्नी के साथ उथली हीरा खदानों में हीरे की तलाश करता है। उसका कहना है कि कई वर्षो की मेहनत के बाद कंकड़ और पत्थरों के बीच उसकी पत्नी को हीरा मिला और इससे उनकी जिंदगी बदल गई।