2009 की हज यात्रा के लिए इंदौर से सीधे मदीना के लिए उड़ान होगी। 20 अक्टूबर से 2 नवंबर 09 तक प्रतिदिन सुबह 9.05 बजे इंदौर से सीधी उड़ान रहेगी। साथ ही जेद्दाह (सऊदी अरब) से 2 से 15 दिसंबर तक हाजियों की वापसी होगी।
इस बारे में सेंट्रल हज कमेटी मुंबई के सीईओ मोहम्मद ओवेस ने अनभिज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि अभी हमें सिर्फ सऊदी एयरलाइंस का ही शेड्यूल मिला है। इंदौर जिला हज कमेटी के अध्यक्ष रज्जाक पटेल ने बताया कि इंदौर से जाने वाली उड़ान में रोजाना 200 हज यात्री सऊदी अरब के पवित्र शहर मदीना जाएँगे।
इस बारे में एयर इंडिया के स्टेशन मैनेजर धनंजय गाडगिल ने बताया कि इंदौर इम्बार्केशन पांइट से जाने वाले सभी हज यात्रियों की एयर इंडिया (विमान-301) की फ्लाइट का पूरा शेड्यूल जारी हो चुका है।
इस शेड्यूल के अनुसार ही २० अक्टूबर से सीधी फ्लाइट मदीना जाएगी। जिला हज कमेटी के श्री पटेल ने बताया कि इससे पहले हजयात्री मुंबई से जेद्दाह जाते थे और वहाँ से उन्हें सड़क मार्ग से मक्का-मदीना जाना पड़ता था लेकिन डायरेक्ट फ्लाइट ने हज यात्रियों की बहुत-सी मुश्किलें आसान कर दी हैं। इंदौर से फ्लाइट के लिए की गई कोशिशों में सांसद सुमित्रा महाजन, मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की अहम भूमिका रही है।