शुक्रवार की दोपहर सदर इलाके में एक संपत्ति को खाली कराने के लिए दो गुटों में हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया। दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ। उपद्रव की सूचना पर पहुँची पुलिस पर भी बेकाबू भीड़ ने हमला बोल दिया। इसमें करीब 15 लोग घायल हो गए। उपद्रवियों को काबू करने के लिए पुलिस ने 6 राउंड हवाई फायर भी किए। स्थिति को संभालने के लिए सदर में पहले धारा 144 फिर कर्फ्यू लगा दिया गया।
पुलिस ने उपद्रवियों पर जमकर लाठियाँ भाँजीं। इस दौरान पत्थरों के साथ ही बम फटने की आवाजें भी आईं। सूचना मिलते ही कलेक्टर हरिरंजन राव, अपर कलेक्टर ओपी श्रीवास्तव, एसपी मकरंद देउस्कर और शहर के तमाम प्रशासनिक और पुलिस के अधिकारी बल सहित मौके पर पहुँच गए।
बारिश से मामला शांत : एक ओर जहाँ पुलिस और प्रशासन लोगों को शांत कराने में जुटा था, वहीं अचानक हुई बारिश से पूरा मामला शांत पड़ गया और प्रशासन ने राहत की साँस ली।
पुलिस व पत्रकार घायल : कई पुलिसकर्मी और मीडियाकर्मियों को पथराव में चोटें पहुंॅचीं। आरक्षक रामजी को सिर में पत्थर लगने की वजह से केन्टोनमेंट अस्पताल में भर्ती कराया गया। कलेक्टर हरिरंजन राव ने बताया कि सदर के हालात को देखते हुए गणेश चौक से लेकर पेंटी नाका तक धारा 144 लगाई गई है। आगामी 12 घंटों के लिए कर्फ्यू लगाया गया है। (नईदुनिया)
|