भाजपा आलाकमान के निर्देश के बाद मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने भी बुधवार को अपने यहाँ डीजल पर लगने वाले करों में लगभग 61 पैसे तथा रसोई गैस के सिलेंडर पर दस रुपए कम करने की घोषणा की।
इस बारे में बुधवार को यहाँ हुई एक महत्वपूर्ण बैठक के बाद मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि केन्द्र सरकार की ओर से पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत में हाल में की गई वृद्धि से प्रदेश के नागरिकों को राहत देने के लिए राज्य सरकार ने रसोई गैस तथा डीजल पर कर की दर कम करने का निर्णय किया है।
उन्होंने कहा कि अब रसोई गैस की कीमत में कमी करके उपभोक्ताओं को राहत दी जाएगी। इससे प्रति सिलेंडर कीमत में दस रुपए की कमी होगी।
उन्होंने कहा कि इसी प्रकार राज्य सरकार ने प्रदेश में डीजल पर लगने वाले वैट की दर को पच्चीस प्रतिशत से घटाकर तेईस प्रतिशत कर दिया है। इससे डीजल कीमत में लगभग 61 पैसे की कमी होगी। रसोई गैस और डीजल के करों में कमी से राज्य सरकार को 140 करोड़ रुपए सालाना राजस्व हानि उठानी होगी।
|