इंदौर की एक नौकरी पेशा युवती को एक संदेश पर भरोसा कर अपने ई-मेल से जूड़ी जानकारी देना महँगा पड़ गया। जानकारी पाने वाले ने युवती का ई-मेल आईडी हैक कर उसके परिचितों को संदेश भेज दिया कि वह मुसीबत में है और उसे पैसे की सख्त जरूरत है।
पुलिस सूत्रों ने बताया मामला शहर के पलासिया इलाके की एक कंपनी में उच्च पद पर काम करने वाली युवती का है। उसे पिछले दिनों एक ई-मेल आया। इसमें उसका ई-मेल अकाउंट अपडेट करने के मकसद से ई-मेल आईडी और पासवर्ड समेत कुछ जानकारी चाही गई थी।
सूत्रों के मुताबिक जानकारी उसी वेब साइट से मिलते-जुलते ले-आउट वाले वेब पेज के जरिए माँगी गई थी, जहाँ युवती का ई-मेल अकाउंट है। लिहाजा युवती ने तुरंत संदेश के जवाब में अपना ई-मेल आईडी और पासवर्ड भेज दिया।
इसके कुछ दिन बाद युवती का ई-मेल हैक कर लिया गया। साथ ही उसके परिचितों को इससे यह संदेश भी पहुँचा दिया गया कि वह विदेश यात्रा के दौरान बड़ी मुश्किल में पड़ गई है। उसे उबरने के लिए कुछ पैसों की आवश्यकता है, मगर इससे पहले कि अज्ञात ई-ठग के मंसूबे पूरे हो पाते, पुलिस को शिकायत करने से मामले का खुलासा हो गया।
पुलिस के साइबर विशेषज्ञों को शक है कि फर्जी वेब पेज विकसित कर युवती को फँसाया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
|