पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने कहा है कि दक्षिण और मध्य पूर्व एशिया में कश्मीर तथा फिलिस्तीन मुद्दों के समाधान के बिना शांति स्थापित होना बहुत मुश्किल है। उधर, पाक विदेश मंत्रालय का कहना है कि वह भारत के साथ विदेश सचिव स्तर की बातचीत के दौरान कोई भी मुद्दा उठा सकता है।
गिलानी ने यह टिप्पणी अपने आवास पर पाकिस्तान यात्रा पर आए फिलिस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास के साथ एक बैठक के दौरान की।
दोनों नेता इस बात पर सहमत हुए कि दोनों देशों को अंतरराष्ट्रीय फोरम पर एक-दूसरे के साथ समन्वय और एक-दूसरे से सलाह-मशविरा करना चाहिए।
इस बीच पाकिस्तानी विदेश कार्यालय के प्रवक्ता अब्दुल बासित ने कहा है कि भारत ने बातचीत शुरू करने के लिए कोई पूर्व शर्त नहीं लगाई है और पाकिस्तान कश्मीर, नदी जल बँटवारे पर मतभेदों और बलूचिस्तान तथा अफगानिस्तान में भारत के कथित हस्तक्षेप सहित कोई भी मुद्दा उठाने को स्वतंत्र है।
बासित ने सरकारी टेलीविजन चैनल पीटीवी के साथ बातचीत करते समय यह टिप्पणी की।(भाषा)