इंडोनेशिया के सुमात्रा द्वीप में डूबे पोत पर सवार लगभग 250 लोगों को राहत दल ने बचा लिया है, लेकिन कम से कम 26 लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा है। कई मुसाफिर अभी भी लापता हैं। रात होने की वजह से राहत और बचाव कार्य रोकना पड़ा।
नौसेना के लेफ्टिनेंट कर्नल एडविन ने कहा कि ताजा आँकड़ों के मुताबिक 250 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। इनमें पोत का कप्तान और चालक दल के 12 सदस्य भी शामिल हैं। 26 लोग मारे जा चुके हैं। हमें नहीं पता कि कितने लोग लापता हैं। सूर्योदय के साथ राहत और बचाव कार्य दोबारा शुरू कर दिया जाएगा। ऊँची उठती लहरों के कारण राहत और बचाव कार्य में अड़चनें आ रही हैं। कम से कम नौ जहाज और मछली पकड़ने वाली कई नौकाएँ लापता लोगों को खोज रही हैं, जिनकी संख्या के बारे में कुछ पता नहीं है।
पुलिस और नौसेना अधिकारियों का कहना है कि सूची के मुताबिक पोत में सवार लोगों की संख्या 228 थी, जिनमें 15 बच्चे और चालक दल के 14 सदस्य भी शामिल थे, लेकिन इस बात की पुष्टि नहीं हो पा रही है कि पोत में वाकई इतने ही लोग सवार थे।
स्थानीय पुलिस अधिकारी हरलामबांग ने बताया कि 147 टन वजनी ‘दी दुमई एक्सप्रेस’ नामक यह पोत बातम द्वीप से रियाउ प्रांत के पिकानबारू की ओर जा रहा था कि रास्ते में सिंगापुर के समीप करीमुन द्वीप में जल में समा गया। उन्होंने बताया कि पोत संभवत: भारी बारिश और विशाल लहरों के कारण डूबा और खराब मौसम के कारण राहत और बचाव कार्य में दिक्कतें आ रही हैं।