भारतीय फिल्मों के लिए इस्तेमाल होने वाले शब्द ‘बॉलीवुड’, ‘स्लमडॉग’ और ‘जय हो’ के अलावा 9/11, 'ग्लोबल वार्मिंग' और 'ओबामा' शब्दों या जुमलों की उन सूची में शुमार हैं, जिनका इस दशक में सबसे ज्यादा इस्तेमाल हुआ है।
ग्लोबल लैंग्वेज मॉनीटर (जीएलएम) के मुताबिक ग्लोबल वार्मिंग, 9/11, ओबामा, बेलआउट, इवैक्यूई, डेरिवेटिव, गूगल, सर्ज, चिंग्लिश और सुनामी इस फेहरिस्त में शीर्ष पर हैं। ऑस्कर विजेता फिल्म ‘स्लमडॉग मिलेनियर’ से चर्चा में आया ‘स्लमडॉग’ शब्द इस सूची में 21वें स्थान पर है।
‘स्लमडॉग मिलेनियर’ के एक गीत के बोल में शामिल जुमला ‘जय हो’ इस सूची में 17वें स्थान पर है, वहीं हिंदी फिल्मों के लिए इस्तेमाल होने वाला शब्द ‘बॉलीवुड’ 17वें पायदान पर है।
दुनियाभर में खौफ पैदा करने वाले स्वाइन फ्लू के वायरस ‘एच1एन1’ ने भी इस सूची में अपनी जगह बनाई है। ‘ट्विटर’ और ‘ब्लॉग’ जैसे शब्द भी इस सूची में मौजूद हैं।
‘क्लाइमेट चेंज’, ‘फॉयनेंशियल सुनामी’, 9/11 हमले के जवाब में बुश प्रशासन की प्रतिक्रिया ‘वॉर ऑन टेरर’, ‘स्वाइन फ्लू’, ‘किंग ऑफ पॉप’, इराक युद्ध पर बुश के शब्द ‘स्टे ऑफ कोर्स’, और ओबामा के चुनाव प्रचार अभियान में शामिल शब्द ‘यस, वी केन’ मौजूदा दशक में सबसे ज्यादा बोले गए शब्द हैं।
नायक या खलनायकों की बात करें तो ओसामा बिना लादेन, कैटरीना, टाइगर वुड्स, सद्दाम हुसैन और जार्ज डब्लयु बुश का उपनाम ‘डुब्या’ इस फेहरिस्त में शुमार हैं। (भाषा)