संघीय अधिकारियों का दावा है कि उन्होंने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जिसने लॉस एंजिलिस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम अधिकारियों से पार पाने के लिए 15 जिंदा छिपकलियों को अपने सीने से बाँध रखा था।
अमेरिकी मत्स्य और वन्यजीव सेवा ने बताया कि कैलिफोर्निया में रहने वाला 40 साल का माइकल प्लांक ऑस्ट्रेलिया से लौट रहा था। ऑस्ट्रेलिया से लौटने के दौरान मंगलवार को जब वह लॉस एंजिलिस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुँचा तो अमेरिकी कस्टम अधिकारियों ने दो छिपकली, दो मॉनिटर गिरगिट और 11 स्किंक उसके शरीर से बँधे पाए।
21 दिसंबर को उस अदालत में पेश किया जाएगा लेकिन फिलहाल 10,000 अमेरिकी डॉलर के मुचलके पर उसे छोड़ दिया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि इन छिपकलियों की कीमत 8,500 अमेरिकी डॉलर से ज्यादा है। गौरतलब है कि सभी तरह के ऑस्ट्रेलियाई सरीसृपों के कारोबार पर कड़े प्रतिबंध लगे हुए हैं। (भाषा)