वॉशिंगटन (भाषा), सोमवार, 9 नवंबर 2009( 12:06 IST )
अमेरिका के एक प्रमुख विश्वविद्यालय ने हिन्दुत्व पर पाठ्यक्रम को मंजूदी दी है। इसमें छात्र उपनिवेशवादी काल से वर्तमान समय तक हिन्दुत्व के उद्भव के बारे में अध्ययन करेंगे।
इंडियाना के ग्रीनकैसल में स्थित निजी क्षेत्र के नेशनल लिबरल आर्ट्स कॉलेज से संबद्ध डीपाउ विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने ‘आधुनिक हिन्दुत्व’ विषय पर नए कोर्स को मंजूरी प्रदान कर दी है।
सन 1837 में स्थापित विश्वविद्यालय की अपनी व्यवस्थित धरोहर है, जिसे पहले इंडियाना एसबरी विश्वविद्यालय के नाम से जाना जाता था। यह नाम इपीस्कोपल चर्च के पहले अमेरिकी बिशप फ्रांसिस एसबरी के नाम पर रखा गया था।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार इस कोर्स का मुख्य उद्देश्य दक्षिण एशिया की संस्कृति, समाज, राजनीति और अर्थव्यवस्था के ऐतिहासिक परिदृश्य में आधुनिक हिन्दुत्व की प्रकृति को समझने की कोशिश है।
धार्मिक शिक्षा प्रमुख सीनियर मेलिसा जिमरमैन ने कहा कि वर्तमान धार्मिक अध्ययन की सूची में यह कोर्स शामिल किया जाना स्वाभाविक है।