रूस के सुदूर पूर्व इलाके में प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान रूस का एक सैन्य विमान समुद्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। चालक दल के सभी 11 सदस्य लापता हैं और उनके मारे जाने की आशंका है।
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह दुर्घटना शुक्रवार को उस समय हुई जब टूपेलेव-टू-142 विमान रडार से तातरस्की खाड़ी के उपर गायब हो गया, जो रूस के सुदूर पूर्वी द्वीप को मुख्यभूमि से अलग करती है।
आपात मामलों के मंत्रालय के एक सूत्र ने रिया नोवोस्ती न्यूज एजेंसी को बताया कि जिन हालात में यह दुर्घटना हुई, उससे हम यह मान सकते हैं कि विमान में सवार चालक दल के सभी सदस्य मारे जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि इसके बावजूद तलाशी अभियान जारी है और जब तक आशा है, तलाशी अभियान जारी रहेगा।
सैन्य सूत्रों ने रूसी न्यूज एजेंसियों को बताया कि विमान में चालक दल के 11 सदस्य सवार थे। अधिकारियों ने इससे पहले विमान में सवार लोगों की संख्या दस बताई थी। (भाषा)