इस्लामाबाद (भाषा), शनिवार, 7 नवंबर 2009( 21:28 IST )
पाकिस्तानी सुरक्षा बल दक्षिण वजीरिस्तान में तालिबान के सभी तीन ठिकानों को रौंदने के करीब हैं क्योंकि उन्होंने पिछले 24 घंटों के दौरान अराजक क्षेत्र और इससे सटे इलाकों में भीषण संघर्ष में 18 आतंकवादियों को मार गिराया है।
सेना ने तालिबान के दो गढ़ सारारोधा और लाधा पर नियंत्रण कर लिया है, जबकि मकीन पर पूरी तरह से नियंत्रण हासिल करने के लिए वे संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने इसे पाकिस्तानी तालिबान का केंद्र स्थान बताया है।
इन शहरों पर कब्जे के साथ सेना दक्षिण वजीरिस्तान पूरे क्षेत्र पर नियंत्रण के करीब पहुँच जाएगी। हालाँकि यह सवाल उठ रहा है कि क्या वे यहाँ रुक जाएँगे या फिर उत्तर वजीरिस्तान की ओर कूच करेंगे।
प्रधानमंत्री युसूफ रजा गिलानी ने ‘राह-ए-निजात’ अभियान का बहुत प्रभावकारी ढंग से संचालन होने की घोषणा करते हुए कहा है कि सेना का अभियान अनुमानित समय सीमा के भीतर पूरा हो जाएगा।
सेना ने बताया है कि हथियारों और गोला-बारूद के जखीरे बरामद किए जा रहे हैं वहीं तालिबान ने हंगु इलाके के तोरावारी गाँव स्थित सेना की जाँच चौकी पर हमला किया, जिसमें अर्धसैनिक बल के तीन जवान मारे गए। इसके जवाब में यहाँ से कुछ ही दूरी पर स्थित सैनिकों ने छह हमलावरों को मार गिराया।
उधर मीडिया की खबरों में बताया गया है कि मकीन पर कब्जा करने के बाद सेना अपने अभियान पर विराम लगाएगी।