काठमांडू (भाषा) , शनिवार, 7 नवंबर 2009( 00:11 IST )
सरकार विरोधी प्रदर्शनों की तैयारी और उसके खिलाफ कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गठबंधन सरकार की ओर से भारी संख्या में बलों की तैनाती की चेतावनी के बीच नेपाली माओवादियों ने अपने कैडरों का सैन्य प्रशिक्षण और नई भर्तियाँ शुरू कर दी है।
शुक्रवार को प्रकाशित एक खबर में इस संबंध में जानकारी दी गई है। माओवादियों ने 22 पार्टियों की सरकार को अपदस्थ करने के लिए रैलियाँ शुरू कर दी हैं और देश के सरकारी कार्यालयों में कामकाज ठप कर दिया है, जिसके चलते नेपाल ने अपनी सेना और पुलिस बलों को हाई अलर्ट कर दिया है। राष्ट्रपति की ओर से पूर्व सेना अध्यक्ष को बहाल करने के निर्णय के खिलाफ माओवादी विरोध जता रहे हैं।
यूसीपीएन-माओवादियों ने इससे पहले चेतावनी दी थी कि यदि सरकार विरोध प्रदर्शनों का दमन करने का प्रयास करती है तो वे हथियार उठाने को बाध्य हो जाएँगे। इसी बीच कई युवकों की भर्ती की गई है और सिंधौली जिले में उन्हें सैन्य प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
‘कांतिपुर ऑनलाइन’ की खबर के मुताबिक भर्ती किए गए 100 से अधिक युवकों को जिला मुख्यालय मधुतर में गत एक सप्ताह से प्रशिक्षण दिया जा रहा है।