ऑस्ट्रेलिया में भारतीयों के भविष्य पर सवाल

रातोरात बंद हो गए चार कॉलेज, कई भारतीय प्रभावित
मेलबोर्न, शुक्रवार, 6 नवंबर 2009( 21:10 IST )
ऑस्ट्रेलिया में चार अंतरराष्ट्रीय कॉलेजों के रातोरात बंद हो जाने से भारतीय सहित 2000 से अधिक छात्रों के भविष्य पर सवालिया निशान लग गया है क्योंकि उन्हें दो सप्ताह के भीतर स्नातक डिग्री मिलने वाली थी।
परिसर में पहुँचे छात्र अपने संस्थानों के बंद होने की खबर सुनकर स्तब्ध रह गए। बहरहाल मेरीडियन समूह की ओर से संचालित कॉलेजों के शिक्षकों को नौकरी से निकाले जाने की खबर कल रात ही दे दी गई थी।
एक छात्र ने कहा कि महज दो सप्ताह में ही हमें स्नातक की डिग्री मिलने वाली थी। मेलबोर्न स्थित विदेशी छात्र जस संधू ने कहा कि बंद करने के संबंध में कॉलेज की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई।
‘एबीसी’ ने जस के हवाले से कहा कि आव्रजन विभाग के अधिकारियों को कुछ करना चाहिए। कॉलेज बंद हो जाता है तो यह हमारी समस्या नहीं है। हम अच्छी तरह पढ़ाई कर रहे थे और फीस का भुगतान कर रहे थे। हमारे ऊपर कोई बकाया नहीं है। हमारे भविष्य का क्या होगा। इस बंदी से भारतीय छात्रों सहित करीब 2700 लोग प्रभावित होंगे। (भाषा)