राष्ट्रीय | अंतरराष्ट्रीय | प्रादेशिक | बराक ओबामा | बाबा आमटे | मप्र-छग | रेल बजट | स्वाइन फ्लू | चंद्र अभियान | राष्ट्रपति की रूस यात्रा
मुख पृष्ठ » खबर-संसार » समाचार » अंतरराष्ट्रीय » संरा पैनल मुशर्रफ से पूछताछ का इच्छुक (UN panel want to interrogate Musharraf)
Feedback Print Bookmark and Share
 
पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो हत्याकांड की जाँच कर रहे संयुक्त राष्ट्र के आयोग ने वहाँ के पूर्व सैन्य शासक परवेज मुशर्रफ, सेना प्रमुख जनरल अशफाक कयानी, आईएसआई प्रमुख और सेना के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से पूछताछ के लिए संपर्क स्थापित कराने की माँग की है।

मीडिया रिपोर्ट में शुक्रवार को बताया गया है कि आयोग ने एक औपचारिक पत्र के जरिए अपने इस आग्रह से पाकिस्तान सरकार को अवगत कराया है।

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय को संयुक्त राष्ट्र आयोग के प्रमुख मार्क क्वार्टरमैन का एक पत्र मिला है, जिसमें जाँचकर्ताओं की मुशर्रफ के साथ एक बैठक की व्यवस्था करने की माँग की गई है।

पत्र के मुताबिक उन्होंने सेना के शीर्ष नेतृत्व और आईएसआई के साथ बैठक की इच्छा जताई है। यदि ऐसा नहीं हो पाता है तो आयोग को इस बात को अपनी अंतिम रिपोर्ट में दिखाना होगा।

आयोग ने कहा है कि इनके उपलब्ध नहीं होने पर वह सेना प्रमुख और आईएसआई के प्रतिनिधियों से मिलने की इच्छा रखते हैं।

मुशर्रफ ने पिछले साल राष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था और वह मध्य अप्रैल से पाकिस्तान से बाहर हैं। निकट भविष्य में उनके स्वदेश लौटने की बहुत कम संभावना है।

पाकिस्तान सरकार और संयुक्त राष्ट्र आयोग के बीच हस्ताक्षर की गई जाँच की शर्तों के मुताबिक पाकिस्तान इस जाँच कार्य के लिए किसी भी अधिकारी या व्यक्ति और जरूरी दस्तावेज तक पहुँच उपलब्ध कराने के प्रति बाध्य है।

जाँच की शर्तों के मुताबिक आयोग सरकार का पूर्ण सहयोग प्राप्त करेगा। उसे दस्तावेजी सामग्री और भौतिक साक्ष्य सहित सूचना के सभी स्रोतों तक पहुँचने की आजादी होगी। उसे सरकार के प्रतिनिधियों और अन्य संस्थानों से पूछताछ करने की आजादी होगी।

इस बीच आयोग ने पाकिस्तान की अपनी तीसरी यात्रा को एक हफ्ते के लिए स्थगित कर दिया है, जो नवंबर के प्रथम सप्ताह से शुरू होने वाली थी। संयुक्त राष्ट्र के सुरक्षा विभाग की सलाह पर ऐसा किया गया है।(भाषा)
संबंधित जानकारी खोजें