नई दिल्ली (भाषा), शुक्रवार, 6 नवंबर 2009( 23:41 IST )
तिब्बत के आध्यात्मिक नेता दलाई लामा की अरुणाचल प्रदेश की यात्रा से पूर्व अमेरिका के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा कि एक आध्यात्मिक हस्ती होने के नाते वह कहीं भी जाने को स्वंतत्र हैं।
FILE
अमेरिका की लोकतंत्र तथा वैश्विक मामलों की विदेश उपमंत्री मारिया ओतेरो ने कहा कि दलाई लामा एक धार्मिक नेता हैं और वह, निश्चित रूप से अपनी इस भूमिका को अदा करने के लिए यात्रा कर सकते हैं।
दलाई लामा की रविवार को होने वाली त्वांग की यात्रा पर चीन के विरोध पर उनकी प्रतिक्रिया के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि दलाई लामा धार्मिक स्थल, मठ की यात्रा पर जा रहे हैं और हमारे दृष्टिकोण से, यह उनकी उन भूमिकाओं में से एक है जिसे वह निभाते हैं।
ओतेरो ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा इस माह चीन यात्रा पर जा रहे हैं और निश्चित रूप से चीनी नेताओं के साथ बातचीत में तिब्बत एक मुद्दा होगा।
ओबामा की प्रस्तावित यात्रा तथा उसमें तिब्बत मुद्दे के संबंध में सवाल किए जाने पर उन्होंने कहा कि किसी को भी यह समझ में आ सकता है कि यह मुद्दा चीन के साथ होने वाली चर्चाओं में विचार का मुद्दा हो सकता है।
उन्होंने कहा कि तिब्बत काफी हद तक दलाई लामा का प्रतीक हो गया है। वे ऐसी हस्ती हैं जो अमेरिका में बेहद आदरणीय है और उन्हें धार्मिक नेता के तौर पर बेहद सम्मान दिया जाता है, निश्चित तौर पर यह उनका तिब्बत का प्रतिनिधित्व करने के चलते हैं। राष्ट्रपति ओबामा दलाई लामा के प्रति बेहद सम्मान की भावना रखते हैं ।
ओतेरो ने बताया कि इस वर्ष के अंत में राष्ट्रपति ओबामा और दलाई लामा के बीच मुलाकात होगी, जिसे दलाई लामा ने पूरी रूचि के साथ स्वीकार किया है। अभी तक इस बारे में कोई तारीख तय नहीं की गई है।
चीन ने फिर किया दलाई लामा पर हमला : दलाई लामा जहाँ अरुणाचल प्रदेश की यात्रा की तैयारी में हैं वहीं चीनी मीडिया ने आज उन पर एक और हमला किया तथा निर्वासन में रह रहे तिब्बती धर्मगुरु को झूठा करार देते हुए उन पर चीन को खंडित करने और तिब्बत के विकास में बाधा डालने का आरोप लगाया है।