पाकिस्तान में तालिबान के गढ़ सरारोगा के इर्दगिर्द गुरुवार को ताजा संघर्ष में 28 आतंकवादी मारे गए और पाँच सैनिकों की मौत हो गयी। वहीं कुछ दिनों की खामोशी के बाद अमेरिकी ड्रोन ने भी उत्तरी वजीरिस्तान में मिसाइलें दागीं जिसमें पाँच अन्य आतंकवादियों की मौत हो गयी।
तालिबान के गढ़ की ओर तीन मोर्चे से आगे बढ़ रहे पाकिस्तानी बलों को आतंकवादियों की ओर से भारी गोलीबारी का सामना करना पड़ा है। आतंकवादी सुरक्षा बलों को दक्षिणी वजीरिस्तान के लाढ़ा की ओर नहीं बढ़ने दे रहे हैं।
इस कस्बे में पिछले 24 घंटे से भारी संघर्ष जारी है। पाकिस्तानी बलों का दावा है कि उन्होंने लाढ़ा किले पर कब्जा कर लिया है।
सारारोगा में भी संघर्ष तेज होने की खबरें हैं। यहाँ सेना ने गत मंगलवार नियंत्रण स्थापित करने का दावा किया था। इस कस्बे में विस्फोट में एक अधिकारी सहित पाँच सैनिकों की मौत हो गयी। यह कस्बा तालिबान के मारे गये शीर्ष आतंकवादी बैतुल्ला महसूद का पूर्व गढ़ रहा है।
सेना ने एक वक्तव्य में कहा ‘बीते 24 घंटे में 28 आतंकवादी मारे गए हैं और पाँच अन्य को गिरफ्तार किया गया है। सुरक्षा बलों के भी पाँच कर्मियों की मौत हुई है।’(भाषा)