संयुक्त राष्ट्र अफगानिस्तान से अपने गैर जरूरी विदेशी कर्मचारियों को हटाएगा। विश्व संस्था ने यह फैसला अपने कर्मचारियों के एक अतिथिगृह पर तालिबान के जानलेवा हमले के बाद किया है।
संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता डैन मैक्नॉर्टन ने गुरुवार को यहाँ बताया कि करीब 600 गैर अफगानकर्मियों को अस्थायी तौर पर अन्यत्र भेजा जाएगा। उन्होंने बताया केवल आवश्यक स्टाफ ही वहाँ रहेगा।
अफगानिस्तान में अपने सभी कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विश्व निकाय ने यह फैसला किया है। मैक्नॉर्टन ने बताया कि लगभग सभी 600 कर्मचारियों को देश से हटा लिया जाएगा। कुछ को अफगानिस्तान में ही अन्यत्र भेजा जाएगा, लेकिन उनकी संख्या बहुत कम होगी।
उन्होंने बताया कि इस फैसले की समय-समय पर समीक्षा की जाएगी। गौरतलब है कि करीब आठ दिन पहले तालिबान ने काबुल में एक अतिथिगृह पर आत्मघाती हमला किया था, जिसमें संयुक्त राष्ट्र के पाँच कर्मी मारे गए थे।
हमले के संदर्भ में संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने इस सप्ताह की शुरुआत में काबुल में अपने सुरक्षा सलाहकारों से परामर्श किया था, सोमवार को काबुल में बान ने कहा था कि हिंसक गतिविधियों के बावजूद संयुक्त राष्ट्र युद्ध पीड़ित देश में अपना काम बंद नहीं करेगा और अपने दायित्व का निर्वाह करेगा। (भाषा)