हॉलीवुड की अभिनेत्री और मॉडल लिज हर्ले ने भले ही फिल्मों में अभिनय को लेकर तौबा कर ली हो लेकिन फिल्मों के प्रति उनकी दीवानगी कम नहीं हुई है। अब वे फिल्मों में वापसी को लेकर बेकरार हैं।
कांटैक्टम्यूजिक ने खबर दी है कि हर्ले ने अपने पूर्व प्रेमी स्टीव बिंग के बेटे डेमियन को जन्म देने के बाद फिल्मों से हमेशा के लिए तौबा करने की बात कही थी। लेकिन वे फिल्मों में अपनी दूसरी पारी शुरू करने के लिए अब तैयार हैं।
हर्ले ने कहा कि मैंने कहा था कि मैं अधिक फिल्में नहीं करूँगी क्योंकि अपने बेटे के साथ पूरा समय बिताना चाहती थी, लेकिन अब मैं उम्मीद कर रही हूँ कि अगले वर्ष मैं कोई फिल्म करूँगी। हर्ले ने कहा कि उनका बेटा उनसे बहुत प्यार करता है।
हर्ले ने आने वाली एनिमेटेड फिल्म ‘द वाइल्ड बंच’ में अपनी आवाज दी है। हर्ले आस्टिन पॉवर की 90 के दशक की फिल्मों के चलते सुखिर्यों में आई थी लेकिन एक अभिनेत्री के तौर पर भाग्य ने हर्ले का उतना साथ नहीं दिया।
मौजूदा समय में हर्ले भारतीय उद्योगपति अरुण नायर के साथ शादीशुदा जिंदगी बिता रही हैं।