वॉशिंगटन (भाषा) , बुधवार, 4 नवंबर 2009( 08:09 IST )
FILE
अमेरिका की यात्रा पर आई जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल ने कहा कि भारत और चीन को साथ लाए बगैर कोपनहेगन में अगले महीने जलवायु परिवर्तन को लेकर होने वाले संयुक्त राष्ट्र के सम्मेलन में किसी तरह का समझौता नहीं हो सकता।
अमेरिकी कांग्रेस की संयुक्त बैठक को सम्बोधित करते हुए मर्केल ने कहा कि भारत और चीन के बगैर कोई समझौता नहीं हो सकता। इसमें कोई शक नहीं है। दिसंबर में दुनिया हमारी तरफ देखेगी, यूरोपीय और अमेरिकी लोगों की तरफ देखेगी। यह सच है कि चीन और भारत के बगैर कोई समझौता नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि मुझे यकीन है। एक बार यूरोप और अमेरिका खुद को बांधने वाले समझौतों के प्रति तैयार हों तो हम चीन और भारत को भी ऐसा करने के लिए मनाने में सक्षम होंगे।
पिछले 50 वर्षों के दौरान अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को सम्बोधित करने वाली पहली जर्मन चांसलर ने भारत, चीन और रूस के साथ स्थायी साझीदारी विकसित करने का आह्वान भी किया।