काठमांडू (भाषा), मंगलवार, 3 नवंबर 2009( 20:51 IST )
महीनों तक खंडन करने के बाद आखिरकार नेपाली माओवादी भारतीय नक्सलियों के खुले समर्थन और सहयोग में आ गए हैं। यह खुलासा गृहमंत्री पी. चिदंबरम की ओर से नेपाली माओवादियों द्वारा भारतीय माओवादियों को हथियारों की आपूर्ति किए जाने का उल्लेख किए जाने के बाद हुआ है।
माओवादियों और भारतीय नक्सलियों के बीच आदान-प्रदान होने की बात स्वीकार करते हुए एकीकृत सीपीएन-एम की स्थाई समिति के वरिष्ठ सदस्य सीपी गजुरेल के हवाले से राजधानी के एक दैनिक ने बताया कि हमने भारतीय माओवादियों को अपना पूर्ण समर्थन और सहयोग बढ़ाया है, जो सशस्त्र आंदोलन शुरू कर रहे हैं।
दक्षिणी नेपाल के बारा जिले में माओवादी समर्थक पत्रकारों से बातचीत में गजुरेल ने हालाँकि इस बात का खुलास नहीं किया कि वे नक्सलियों को किस तरह की मदद मुहैया करा रहे हैं।
यह वक्तव्य गृहमंत्री पी चिदंबरम द्वारा नेपाली माओवादियों की तरफ से भारतीय नक्सलियों को संभावित तौर पर हथियार की आपूर्ति का उल्लेख किए जाने के कुछ ही समय बाद आया है।
उसी अखबार ने पहले एक रिपोर्ट प्रकाशित की थी, जिसमें कहा गया था कि माओवादी नेता ने भारतीय माओवादी नेता किशनजी से अज्ञात स्थल पर मुलाकात की।
हालाँकि, इस संबंध में टिप्पणी के लिए संपर्क किए जाने पर सीधे तौर पर उत्तर देने से बचते हुए गजुरेल ने कहा कि उनकी पार्टी ने भारतीय माओवादियों द्वारा आंदोलन शुरू किए जाने का विरोध नहीं किया।
उन्होंने कहा कि वे वही कर रहे हैं, जिसे वे सही मानते हैं। उन्होंने कहा कि वे भारत में अपना आंदोलन शुरू कर रहे हैं और हम यहाँ अपना आंदोलन शुरू कर रहे हैं। भारतीय माओवादियों द्वारा शुरू किए गए आंदोलन का विरोध करने की आवश्यकता नहीं है।