बॉलीवुड अदाकारा शिल्पा शेट्टी के भारतीय रेस्तराँ समूह ने यहाँ ब्रिटेन में एक रोजगार न्यायाधिकरण में इस श्रृंखला के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी जमाल हिरानी के खिलाफ एक मुकदमा जीत लिया है।
फास्ट फूड श्रृंखला ‘टिफिनबाइट्स’ के संस्थापक हिरानी ने न्यायाधिकरण में एक मुकदमा दायर कर खुद को अनुचित तरीके से नौकरी से निकाले जाने के आधार पर 15 लाख पौंड से अधिक का दावा ठोंका था।
हिरानी ने आरोप लगाया था कि इस बॉलीवुड अदाकारा का मार्ग प्रशस्त करने के लिए उन्हें इस समूह से जबरन निकाला गया।
न्यायाधिकरण ने कहा कि नियोक्ता के पास कार्रवाई करने के लिए उचित कारण थे। वहीं इस 34 वर्षीय अदाकारा ने एक बयान में कहा है कि वे न्यायाधिकरण के फैसले से खुश हैं।