निर्वाचन अधिकारियों ने राष्ट्रपति पद के निर्णायक चुनाव को सोमवार को रद्द करते हुए हामिद करजई को उनके दूसरे कार्यकाल के लिए निर्वाचित घोषित कर दिया।
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख बान की मून के नेतृत्व में बनाए जा रहे राजनयिक दबाव के बाद निर्णायक चुनाव को रद्द कर दिया गया है क्योंकि मुख्य प्रतिद्वंद्वी डॉ. अब्दुल्ला अब्दुल्ला के चुनावी दौड़ से हटने के बाद करजई ही मैदान में अकेले बचे थे।
इंडिपेंडेंट इलेक्शन कमीशन के अध्यक्ष अजीजुल्ला लोदिन ने कहा कि पहले दौर के मतदान में बहुमत हासिल करने वाले हामिद करजई को हम विजेता घोषित करते हैं और दूसरे दौर के चुनाव में बचे एक मात्र प्रत्याशी अब अफगानिस्तान के निर्वाचित राष्ट्रपति हैं। लोदिन ने कहा कि अफगानिस्तान के निर्वाचन कानून तथा संविधान और अफगानिस्तान की जनता के हितों के अनुरूप यह फैसला किया गया है।
चुनौती देने वाले एकमात्र प्रत्याशी अब्दुल्ला अब्दुल्ला के चुनाव मैदान से हटने की घोषणा और बान की मून तथा करजई की मुलाकात के बाद अकेले उम्मीदवार के लिए निर्णायक चुनाव न कराने के राजनयिक दबाव के बीच यह नया फैसला किया गया है। दो महीने से अधिक पुराने चुनाव विवाद को समाप्त करने के लिए भी भारी दबाव था।
करजई के मुख्य प्रतिद्वंद्वी और पूर्व विदेशमंत्री अब्दुल्ला ने रविवार को घोषणा की थी कि वे सात नवंबर को होने वाले चुनाव में भाग नहीं लेंगे। उन्होंने आरोप लगाया था कि पहले दौर के चुनाव में व्यापक धाँधली के बाद उन्हें डर है कि दूसरे दौर के चुनाव निष्पक्ष नहीं होंगे।
संयुक्त राष्ट्र के अतिथिगृह में तालिबान के आत्मघाती हमले के बाद अफगानिस्तान में कार्यरत लोगों के प्रति एकजुटता जताने आए मून ने करजई और अब्दुल्ला के साथ-साथ उनके कर्मचारियों से भी मुलाकात की थी।
मनमोहन ने बधाई दी : भारत के प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह ने सोमवार रात अफगानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करजई से टेलीफोन पर बात की और चुनाव में विजेता घोषित किए जाने पर उन्हें बधाई दी।