इस्लामाबाद (भाषा) , सोमवार, 2 नवंबर 2009( 18:08 IST )
पाकिस्तान सरकार ने तहरीक-ए-तालिबान के मुखिया हकीमुल्ला महसूद समेत संगठन के 19 आतंकियों के सुराग पर इनामी राशि में इजाफा करते हुए इसे कुल 41 करोड़ करने की घोषणा की है।
सरकार ने ईनाम की घोषणा दैनिक ‘द न्यूज’ के प्रथम पृष्ठ पर श्वेत-श्याम में प्रकाशित एक विज्ञापन के माध्यम से की। विज्ञापन को टीवी चैनलों पर भी दिखाया जा रहा है।
विज्ञापन के अनुसार हकीमुल्ला महसूद, उसके करीबी सहयोगी वलीउर रहमान और कारी हुसैन के सिर पर पाँच-पाँच करोड़ के इनाम की घोषणा की गई है।
तालिबानी कमांडरों मोहम्मद रईस खान महसूद, मौलवी अजमतुल्ला महसूद, मुफ्ती नूर वली महसूद, मुफ्ती नूर सईद, मौलवी शमीम, अमीरुल्ला, नसीरुद्दीन, शाह फैसल, शेर अजीम और जलील मोहम्मद इस्माइल के सिर पर दो-दो करोड़ के इनाम की घोषणा की गई है।
आतंकी अजमतुल्ला बत्तानी, अरफेशाहीन, मोहम्मद अनवर कंदापुर, अब्दुल्ला शाह, मौलवी अब्दुल वली और खान सईद के सिर पर एक-एक करोड़ का इनाम घोषित किया गया है।
विज्ञापन में कहा गया है‘जो कोई भी इन तालिबानी आतंकियों के बारे में ठोस जानकारी उपलब्ध कराएगा या उन्हें जीवित या मृत पकड़ कर लाएगा, उसे नकद इनाम दिया जाएगा। जानकारी देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।’