ट्यूनिश (भाषा) , सोमवार, 26 अक्टूबर 2009( 21:46 IST )
ट्यूनिशिया में हुए राष्ट्रपति के चुनाव में पिछले दो दशकों से सत्ता में काबिज राष्ट्रपति जिन अल अबिदीन बेन अली को लगातार पाँचवीं बार इस पद के लिए चुना गया। चुनाव में बेन अली को 89.62 फीसद मत प्राप्त हुए।
उत्तरी अफ्रीका के इस देश के 26 निर्वाचन क्षेत्रों से प्राप्त नतीजों में बेन अली को 84.16 से लेकर 93.88 प्रतिशत वोट मिले, लेकिन विदेशी वोटरों में उनकी सर्वाधिक लोकप्रियता देखी गई जिन्होंने उन्हें 94.85 प्रतिशत वोट दिए।
बेन अली के विरोधी उम्मीदवारों मोहम्मद बुचिहा और अहमद इनोब्ली को केवल पाँच और 3.8 फीसदी मतों से संतोष करना पड़ा।
बेन अली के घोर विरोधी अहमद ब्राहीम को केवल 1.57 प्रतिशत वोट मिले।
संसदीय चुनाव में बेन अली की कांस्टीट्यूशनल डेमोकेट्रिक पार्टी ने चैंबर ऑफ डेप्यूटीज के 214 सीटों में 161 सीटें प्राप्त कीं जबकि बाकी 53 सीट छह अन्य दलों को मिलीं ।
73 साल के बेन अली ने 1987 में ट्यूनिशिया के पहले निर्वाचित राष्ट्रपति हबीब बोरगुइबा को हराकर सत्ता पायी थी। तब से हरेक बार चुनाव के बाद उनके विरोधी उन पर चुनाव में फर्जीवाड़े का आरोप लगाते हैं।