वाशिंगटन (भाषा) , शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2009( 23:08 IST )
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भारत-अमेरिका परमाणु करार पर अमेरिकी कांग्रेस को एक रिपोर्ट भेज दी है।
व्हाइट हाउस ने शुक्रवार को जानकारी दी कि विदेश मामलों पर प्रतिनिधि सभा की समिति और सीनेट की विदेश संबंध समिति को भेजे पत्र में ओबामा ने कहा‘मैं इसके साथ आठ अक्तूबर को हस्ताक्षर के बाद कानून में तब्दील अमेरिका-भारत परमाणु सहयोग मंजूरी और अप्रसार वृद्धि अधिनियम की धारा 204 (सी) के तहत जरूरी रिपोर्ट भेज रहा हूँ।’ इस रिपोर्ट की विषय वस्तु सार्वजनिक नहीं की गयी है।
अधिनियम के तहत राष्ट्रपति को हर छह महीने में अमेरिकी कांग्रेस के पास यह प्रमाणन भेजना होगा कि यह अमेरिका की परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह के सदस्यों के साथ व्यक्तिगत और संयुक्त रूप से काम करने की नीति है ताकि इस्तेमालशुदा परमाणु ईंधन के पुर्नप्रसंस्करण और यूरेनियम संवर्धन से जुड़े उपकरण और प्रौद्योगिकी के हस्तांतरण को रोकने पर सहमति निर्मित की जा सके।