वॉशिंगटन (भाषा), शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2009( 23:57 IST )
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा कि वह नोबेल शांति पुरस्कार के लिए उनके चयन पर ‘आश्चर्यचकित’ हैं और उन्हें इस पर संदेह है कि क्या वह इस सम्मान के हकदार हैं।
नार्वे की शांति की नोबेल पुरस्कार समिति की घोषणा की प्रतिक्रिया में ओबामा ने कहा कि सच कहूँ तो मैं इस पुरस्कार से सम्मानित हो चुके कई सुधारक हस्तियों की सूची में शामिल होने के लिए स्वयं को योग्य नहीं मानता।
व्हाइट हाउस के रोज गार्डन से अपने संक्षिप्त बयान में उन्होंने कहा कि नोबेल समिति के निर्णय से मैं आश्चर्यचकित और बहुत अभिभूत हूँ।
उन्होंने कहा कि वह इस सम्मान को अपनी उपलब्धियों को मान्यता के तौर पर नहीं देखते बल्कि अमेरिकी नेतृत्व में सभी देशों के लोगों की व्यक्त की आशाओं की पुष्टि के तौर पर देखते हैं।
उन्होंने कहा कि शांति पुरस्कार का श्रेय उन सभी को जाना चाहिए जो न्याय और सम्मान के लिए प्रयास करते हैं।
ओबामा ने कहा कि सभी देशों के समक्ष 21वीं सदी के साझा चुनौतियों का सामना करने के लिए कार्रवाई के आह्वान के तौर पर उन्होंने इसे स्वीकार किया है।