डबलिन (वार्ता), बुधवार, 2 सितंबर 2009( 10:48 IST )
बॉक्सिंग रिंग के बादशाह रहे मोहम्मद अली का मंगलवार को आयरलैंड में उनके पैतृक गृहनगर एन्नीस में जोरदार स्वागत किया गया।
मोहम्मद अली के आने से क्षेत्र में रहने वाले उनके दूर के रिश्तेदार खासे उत्साहित नजर आए। क्षेत्र के दुकानदारों ने अपने-अपने परिसरों को बॉक्सिंग ग्लब्ज, अमेरिकी झंडों तथा मोहम्मद अली की तस्वीरों से सजा रखा था। इस अवसर पर मोहम्मद अली को नगर के विशेष नागरिक अधिकार से सम्मानित किया गया।
मोहम्मद अली की पत्नी लोनी ने बताया कि मुझे लगता है एन्नीस का हर एक नागरिक मोहम्मद अली का स्वागत करने के लिए सड़क पर उतर आया है। मैंने पहले ऐसा कुछ नही देखा है। उन्होंने कहा कि यह उन्हें दी जाने वाली हर दवाई से बेहतर है।