होंडूरास के निर्वासित राष्ट्रपति मैनुअल जेलाया को सोमवार को सेना के वाहनों ने रनवे पर बाधा पैदा कर देश के प्रमुख हवाई अड्डे पर उतरने से रोक दिया।
राष्ट्रपति के वेनेजुएला के पायलट ने पहले हवाई अड्डे का चक्कर लगाया और उसके बाद न उतरने का निर्णय लिया।
इसके बाद जेलाया निकारागुआ में उतरे। राष्ट्रपति का कहना है कि वे अब आज या मंगलवार को एक बार फिर देश लौटकर सत्ता हासिल करने की कोशिश करेंगे, जहाँ सेना समेत सरकार की सभी शाखाएँ उनके खिलाफ हैं।
सेना ने पिछले सप्ताह राष्ट्रपति को गिरफ्तार करके निर्वासन में भेज दिया था। जेलाया ने विमान में कहा ‘मैं जनता द्वारा निर्वाचित सशस्त्र सेनाओं का प्रमुख हूँ और सेना को आदेश देता हूँ कि वह हवाई अड्डे को खोले, ताकि मुझे वहाँ उतरने में कोई समस्या न पैदा हो।’
लेकिन अंतरिम राष्ट्रपति रोबर्ट माइकलेती ने विमान को उतरने से रोक दिया और कहा कि वे तब तक बात नहीं करेंगे, जब तक ‘स्थितियाँ सामान्य नहीं हो जातीं।’
इसी बीच हवाई अड्डे पर जमा भीड़ हिंसक हो गई और लोग सुरक्षा घेरे को तोड़कर अंदर जाने का प्रयास करने लगे।
सुरक्षा बलों ने चेतावनी के रूप में गोलियाँ चलाईं और आँसू गैस के गोले छोड़े, जिसके बाद हिंसा में एक व्यक्ति की मौत हो गई। रेडक्रॉस के मुताबिक हिंसा में घायल 30 लोगों का उपचार किया जा रहा है। |