माइकल जैक्सन का परिवार मंगलवार को एक निजी समारोह में गायक का अंतिम संस्कार करेगा, लेकिन अंतिम संस्कार बिना गायक के मस्तिष्क के किया जाएगा।
डेली मिरर की रिपोर्ट के अनुसार जैक्सन के मस्तिष्क को न्यूरोपैथोलॉजी परीक्षण के लिए निकाल लिया गया था, ताकि उनकी अचानक मृत्यु के कारणों की जानकारी मिल सके।
लॉस एंजिल्स के कोरोनर्स प्रवक्ता क्रैग हार्वे ने इस बात की पुष्टि की कि जैक्सन के दिमाग पर न्यूरोपैथोलॉजी परीक्षण किया जाएगा।
सूत्रों ने इस बात का खुलासा किया कि गायक की मौत के दो दिन बाद उनके परिवार को शव सौंपे जाने के पूर्व उनका मस्तिष्क निकाल लिया गया था।
जैक्सन के मस्तिष्क का परीक्षण तब तक नहीं किया जा सकता, जब तक वह इतना कड़क न हो जाए कि इसे काटकर खोला जा सके। इस काम में मृत्यु से दो सप्ताह का समय लग सकता है।
जैक्सन के परिवार को कहा गया था कि वे या तो तीन सप्ताह तक इंतजार करें या बिना मस्तिष्क के गायक का अंतिम संस्कार कर दें। परिवार ने दूसरा विकल्प चुना।
परिवार अब जैक्सन का अंतिम संस्कार मंगलवार सुबह लॉस एंजिल्स के ग्लेंडाले के फॉरेस्ट लॉन मेमोरियल पार्क में करेगा। |