पाकिस्तान की ओरकजई एजेंसी में सेना का एक हेलीकाप्टर किसी तकनीकी खामी के कारण शुक्रवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 26 सैनिकों की मौत हो गयी। उधर तालिबान ने इस हेलीकाप्टर को गिराने का दावा किया है।
जियो टीवी की रिपोर्ट के अनुसार, ‘एक मालवाहक हेलीकाप्टर ओरकजई एजेंसी में आज दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें 26 सैनिक शहीद हो गये।’
इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के अनुसार हेलीकाप्टर में तकनीकी खामी आने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
इससे पहले तालिबान ने दावा किया था कि उन्होंने ओरकजई और खबर एजेंसियों के बीच चीर फीरोजखेल सरहदी इलाके में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के एक हेलीकाप्टर को निशाना बनाया।
आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि इस दुर्घटना की जाँच की जा रही है। पाकिस्तान ने अशांत पश्चिमोत्तर क्षेत्र में तालिबानी उग्रवादियों के खिलाफ दो माह के सैन्य अभियानों को तेज कर दिया है। |