व्हाइट हाउस ने गुरुवार को कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद द्वारा उत्तर कोरिया पर हाल में लगाए गए प्रतिबंधों का असर हो रहा है और रूस तथा चीन इस मोर्चे पर अमेरिका का साथ दे रहे हैं।
व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव रॉबर्ट गिब्स ने यहाँ संवाददाताओं से कहा‘मेरी नजर में पाबंदियों का असर साफ दिख रहा है। जैसा कि राष्ट्रपति ने उस साक्षात्कार में कहा था, हमें इन प्रतिबंधों के सिलसिले में रूस तथा चीन का सहयोग मिल रहा है। अनेक लोगों का मानना था कि इन पाबंदियों से कुछ हासिल नहीं होगा।’
उन्होंने कहा कि ओबामा प्रशासन इन प्रतिबंधों का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए अन्य देशों के साथ काम कर रहा है। उत्तर कोरिया की अपने हथियारों अथवा सामग्री को देश से बाहर ले जाने की कोशिश भी चिंता का सबब है।
गिब्स ने कहा ‘पाबंदियों को सख्ती से लागू करना प्राथमिक और सबसे जरूरी है। बेशक, राष्ट्रपति और पी-5 प्लस वन संगठन उत्तर कोरिया को जरूरी बाध्यता तथा जिम्मेदारियों का एहसास कराने की दिशा में काम कर रहे हैं और यह काम जारी रहेगा।’ |