दक्षिण अफ्रीकी सरकार ने पूर्व राष्ट्रपति और रंगभेद नीति विरोधी आंदोलन के नायक रहे नेल्सन मंडेला के जन्मदिन 18 जुलाई को वैश्विक मंडेला डे के रूप में मनाए जाने की माँग को स्वीकार कर लिया है।
सरकार के प्रवक्ता थेम्बा मसेको ने कल यहाँ कहा ‘कैबिनेट ने पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला के जन्मदिन 18 जुलाई को वैश्विक मंडेला डे के रूप में मनाए जाने की माँग को मंजूर कर लिया है।’
उन्होंने कहा कि कैबिनेट सभी दक्षिण अफ्रीकी नागरिकों, सामाजिक संगठनों और दुनिया के निवासियों का आह्वान करती है कि वे अपने-अपने समुदाय के लिए अच्छे काम करके मंडेला डे की पहल का समर्थन करें।
मसेको ने कहा ‘नेल्सन मंडेला फाउंडेशन की अगुवाई में संचालित अभियान का मकसद सभी लोगों को अपने वक्त में से 67 मिनट निकालकर अपने-अपने समुदाय में रचनात्मक बदलाव लाने के लिए कुछ करने के प्रति प्रोत्साहित करना है।’
उन्होंने कहा ‘यह मदीबा (मंडेला) के रंगभेद की बुराई के खिलाफ 67 वर्षों तक किए गए संघर्ष को सलाम का प्रतीक है।’
आगामी 18 जुलाई को 46664 संगठन और नेल्सन मंडेला फाउंडेशन मंडेला के 91वें जन्मदिन के मौके पर दक्षिण अफ्रीका समेत पूरी दुनिया में कार्यक्रमों की श्रंखला आयोजित करेंगे। 46664 मंडेला के 27 साल जेल में रहने के दौरान उनका कैदी नम्बर था। |