पाकिस्तान के अशांत कबाइली क्षेत्र वजीरिस्तान में शुक्रवार को अमेरिका के ड्रोन हमले तथा पाकिस्तान के लड़ाकू विमानों द्वारा किए गए हवाई हमलों में कम से कम 18 आतंकवादी मारे गए।
इस क्षेत्र में थलसैनिक तालिबान के वांछित कमांडर बैतुल्ला मेहसूद के खिलाफ बड़े अभियान की तैयारी कर रहे हैं। दक्षिणी वजीरिस्तान के सारोकई क्षेत्र में आतंकवादियों के एक शिविर पर अमेरिकी ड्रोन विमान ने तीन मिसाइलें दागीं जिसमें 13 आतंकवादी मारे गए और बहुत से अन्य घायल हो गए।
टीवी चैनलों की खबर के अनुसार दूसरी मिसाइल मंटोई क्षेत्र में एक मदरसे पर दागी गई लेकिन इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है क्योंकि यह मदरसा बंद था।
पाँच आतंकवादी उस समय मारे गए जब पाकिस्तानी वायु सेना के लड़ाकू विमानों ने उत्तरी वजीरिस्तान एजेंसी के दतखेल क्षेत्र में मौजूद आतंकी ठिकाने पर हमला किया।
इन घटनाओं के बारे में अब तक आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है। पाकिस्तानी सेना फिलहाल तहरीक ए तालिबान पाकिस्तान के प्रमुख बैतुल्ला मेहसूद का गढ़ माने जाने वाले दक्षिणी वजीरिस्तान में बड़े हमले की तैयारी कर रही है।
दक्षिणी वजीरिस्तान में सैन्य अभियान शुरू होने से पहले पाक सरकार ने मेहसूद को अलग थलग करने के लिए उसके विरोधी तालिबान कमांडरों को रिझाने के प्रयास भी कर दिए हैं। |