परमाणु नि:शस्त्रीकरण और अप्रसार के क्षेत्र में काम का लम्बा अनुभव रखने वाले जापान के राजनयिक युकियो अमानो को अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी का नया प्रमुख चुना गया है।
संयुक्त राष्ट्र की प्रवक्ता मिचेल मोंतास ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के परमाणु वॉचडॉग संगठन आईएईए के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स ने अमानो को एजेंसी का नया महानिदेशक चुना है।
अमानो वर्ष 1997 से इस पद पर काम कर रहे मोहम्मद एलबरदेई की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल 30 नवम्बर को खत्म हो रहा है।
मिचेल ने बताया कि मतदान के अंतिम दौर में बोर्ड के चेयरमैन ने कहा कि अमानो को 23 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी दक्षिण अफ्रीका के अब्दुल समद मिंती को 11 मत मिले। एक सदस्य ने वोट नहीं डाला।
उन्होंने बताया कि बाँसठ वर्षीय अमानो की आईएईए के पाँचवें महानिदेशक के रूप में नियुक्ति की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए बोर्ड की आज फिर बैठक होगी। अमानो इस वक्त विएना में इंटरनेशनल आर्गनाइजेशंस में जापान के राजदूत तथा आईएईए बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सदस्य हैं।
अमानो की परमाणु नि:शस्त्रीकरण के लिए हुई कई प्रमुख अंतरराष्ट्रीय पहलों, परमाणु अप्रसार और एटमी ऊर्जा नीति की प्रक्रिया शुरू करने में भूमिका रही है। वे विज्ञान, परमाणु ऊर्जा तथा शस्त्र नियंत्रण के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हैं।
भारत का धन्यवाद : टोक्यो जापान ने आईएईए के प्रमुख पद के लिए अपने राजनयिक अमानो की उम्मीदवारी का समर्थन करने के लिए भारत का शुक्रिया अदा किया, जिन्हें संयुक्त राष्ट्र की परमाणु निगरानी संस्था का नया प्रमुख चुना गया है।
प्रधानमंत्री तारो असो ने जापान की चार दिवसीय यात्रा पर आए विदेशमंत्री एसएम कृष्णा को भारत के प्रति अपनी भावना से अवगत कराया। कृष्णा ने जापान के विदेशमंत्री हिरोफुमी नाकासोने के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत की। |