इराक के पूर्व राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन का यह मानना था कि ईरान उनके देश के लिए एक बहुत बड़ा खतरा है इसलिए उन्होंने यह अफवाह उड़ाई थी कि उनके पास सामूहिक विनाश के हथियार हैं।
अमेरिका की खुफिया जाँच एजेंसी एफबीआई ने सद्दाम से पूछे गए सवालों के जवाबों का खुलासा करते हुए कहा है कि सद्दाम हुसैन का मानना था कि इराक को अपने दुश्मनों के सामने कभी भी कमजोर नहीं लगना चाहिए।
एफबीआई के विशेष जासूस जॉर्ज पियरो ने जून 2004 में सद्दाम के साथ सामूहिक विनाश के हथियारों पर हुई बातचीत का हवाला देते हुए बताया है कि सद्दाम का मानना था कि इराक को अपने पड़ोसी देशों से कड़ी चुनौतियाँ मिल रही हैं और उसे अपनी सुरक्षा के लिए पूरी तरह तैयार रहना चाहिए।
एफबीआई की रिपोर्ट में कहा गया है कि सद्दाम ने यह कहा था कि वे संयुक्त राष्ट्र द्वारा सामूहिक विनाश के हथियारों की जाँच के लिए भेजे जाने वाले दल को मना करने के परिणामों से ज्यादा ईरान द्वारा इराक पर नजर गड़ाने को लेकर ज्यादा चिंतित थे। |