पाकिस्तान में इस्लामी आतंकी संगठन तहरीके नफाजे शरीयते मोहम्मदी प्रमुख एवं स्वात में तालिबान के शीर्ष कमांडर मौलाना फजलुल्लाह के स्वात घाटी में सेना की कार्रवाई में मारे जाने की खबर है।
पाकिस्तानी मीडिया ने पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत के सूचना मंत्री इफ्तिखार हुसैन के हवाले से यह दावा किया है। हुसैन ने कहा कि आतंकवादी संगठन तहरीके तालिबान के खिलाफ सेना की जारी कार्रवाई में अभी तक 21 शीर्ष कमांडर मारे गए हैं।
मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि सेना ने फजलुल्लाह का सटीक ठिकाने का पता सैटेलाइट फोन के जरिये लगाया। बाद में किए फोन टेप में फजलुल्लाह ने कहा कि सुरक्षा बलों ने उसे चारों ओर से घेर लिया है और उसके पास भागने का कोई रास्ता नहीं बचा है।
पाकिस्तान सरकार ने हालाँकि तालिबान समर्थक मौलवी सूफी मोहम्मद के दामाद फजलुल्लाह के पाकिस्तान सेना की कार्रवाई में मारे जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सरकार ने फजलुल्लाह पर चालीस लाख रुपए के इनाम की घोषणा की थी।
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान का पश्चिमोत्तर सीमांत क्षेत्र आतंकवादियों का गढ़ माना जाता है। आतंकवादी इस क्षेत्र में विदेशी राहत कार्यकर्ता और दूतावास कर्मचारियों का अपहरण कर लेते हैं। इस क्षेत्र से कुछ समय पहले आतंकियों ने दो अफगानी और दो चीनी दूतावास कर्मचारियों का अपहरण कर लिया था।
सेना गत 26 अप्रैल से इस क्षेत्र में आतंकवादियों के खिलाफ अपना अभियान चला रही है। |