ब्रह्मांड की उत्पत्ति और बिग बैंग के रहस्यों के बारे में जानकारी एकत्र करने के उद्देश्य से लार्ज हाइड्रान कोलाइडर को अगस्त में फिर से शुरू किया जा सकता है। एलएचसी के जरिये परीक्षण के लिए मशीन के जाँच का कार्य अंतिम चरण में हैं।
उल्लेखनीय है कि 19 सितंबर 2008 को एलएचसी में कुछ तकनीकी खामी आ जाने के कारण जाँच कार्य रोक देना पड़ा था।
यूरोपीय परमाणु अनुसंधान संगठन के त्वरण संकाय के निदेशक स्टीव मेयर्स ने बताया कि लार्ज हाइड्रान कोलाइडर में कई नए परीक्षण किए गए हैं, जिससे हमें मशीन में आई खराबी के बारे में काफी जानकारी मिली है। इससे हमें इस वर्ष अगस्त तक परीक्षण फिर से शुरू करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष सितंबर में मशीन के सेक्टर तीन-चार के दो मैगनेटों के बीच उच्च विद्युतीय सुपर कंडक्टर में खराबी आ जाने के कारण परीक्षण रोकना पड़ा था।
इसके बाद एलएचसी के 10 हजार चुम्बकीय वलयों की जाँच की गई और इसके सुरक्षित परिचालन के लिए जरूरी सुधार किए गए हैं।
मेयर्स ने कहा कि मशीन को दुरूस्त करने की प्रक्रिया के तहत एलएचसी के सेक्टर चार-पाँच को ठीक किया जा रहा है। एलएचसी के सेक्टर चार-पाँच को 80 केल्विन तापमान पर मापा जा रहा है, जिसकी तुलना सामान्य तापमान पर इसके माप से की जाएगी।
उन्होंने कहा कि एलएचसी में इन मापों से मशीन को शुरू करने की नियत तारीख और आरंभिक परिचालन ऊर्जा निर्धारित करने में मदद मिलेगी।
मेयर्स ने कहा कि एलएचसी में एक महत्वपूर्ण सुधार करते हुए इसमें क्वेंच प्रोटेक्शन प्रणाली लगाई जाएगी, जिससे अतिरिक्त चुंबकीय ऊर्जा को जल्द से जल्द बाहर निकालने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष सितंबर में मशीन में आई खराबी के बाद क्वेंच प्रोटेक्शन प्रणाली का डिजाइन तैयार कर लिया गया है और इसके निर्माण का कार्य अंतिम चरण में हैं।
मेयर्स ने कहा कि नई प्रणाली की जाँच और परिचालन ग्रीष्म की समाप्ति के बाद इस वर्ष अगस्त तक हो सकता है। इस कार्य के लिए हमें विश्व भर की भौतिकी प्रयोगशालाओं और वैज्ञानिक शोध संस्थाओं में काफी मदद मिली है। |