नीलामी कंपनी क्रिस्टी 14 जुलाई को महात्मा गाँधी और जवाहर लाल नेहरू के दस्तखत वाले पत्रों सहित कुछ दस्तावेज और पोस्टकार्ड की नीलामी करेगी।
नीलामी योग्य वस्तुओं में इस्लामी विद्वान और खिलाफात आंदोलन के प्रमुख मौलाना अब्दुल बारी को लिखे गए तीन पत्र शामिल हैं। उर्दू में लिखे इन पत्रों की नीलामी से 1.99 से 2.38 लाख रुपए मिलने का अनुमान है।
इन पत्रों में लखनऊ सांप्रदायिक तनावों सहित हिंदू-मुस्लिम संबंधों और उनकी मित्रता का उल्लेख है। जेल से लिखे गए एक पत्र में गाँधी ने कताई के लिए दिए गए उपहार के लिए बारी का धन्यवाद दिया है।
गाँधी द्वारा हस्ताक्षरित खादी के एक कपड़े की नीलामी से 1.59 से 1.99 लाख रुपए मिलने की आशा है। कहा जाता है कि गाँधी ने यह कपड़ा स्वयं तैयार किया था।
इस कपड़े को उपहार स्वरूप गाँधी ने अफ्रीका में जन्मी अभिनेत्री मोइरा लिस्टर को दिया था, जो जयपुर की महारानी गायत्री देवी की पुत्री थी।
गाँधी द्वारा हस्ताक्षरित दो पोस्टकार्ड की नीलामी से भी 1.19 से 1.59 लाख रुपए मिलने की संभावना है। ये पत्र गाँधी ने उर्दू शायर हामिद उल्लाह अफसर को लिखे। इनकी नीलामी अंग्रेजी साहित्य इतिहास और चिल्ड्रंस बुक तथा इलेस्ट्रेशन वर्ग के तहत हो रही है।
अपनी मित्र मृदुला साराभाई को जवाहरलाल नेहरू के 29 पत्रों की श्रृंखला और उनके द्वारा हस्ताक्षरित पत्रों के साथ एक शुभकामना संदेश और 29 लिफाफों को भी नीलामी में रखा जाएगा। इनकी नीलामी से 3.17 से 3.97 लाख रुपए मिलने की संभावना है।
नेहरू के पत्रों में कश्मीर साराभाई के राजनीतिक अभियानों, बँटवारे के बाद घरों से निकाले गए मुस्लिमों के पुनर्वास और दिल्ली के आश्रयहीन बच्चों के लिए एक मानवीय मदद परियोजना का उल्लेख है। |